शिमला जिले के टूटू मतगणना केंद्र में पंचायत समिति (बीडीसी) चुनावों के लिए मतों की गणना रविवार सुबह नौ बजे शुरू हो गई। मतगणना शुरू होते ही कर्मचारियों ने बैलेट पेपरों की गिनती का कार्य संभाल लिया। केंद्र में विभिन्न टेबलों पर नियुक्त कर्मियों की निगरानी में मतों की गणना की जा रही है। बनूटी केंद्र में 14 पंचायत समिति वार्डों के मतों की गिनती हो रही है। वहीं रामपुरी जिला परिषद वार्ड पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुका है, इसलिए इस वार्ड के लिए मतगणना नहीं की जा रही है। मतगणना केंद्र के बाहर सुबह से ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की आवाजाही बनी रही। कई समर्थक केंद्र के बाहर परिणामों और शुरुआती रुझानों का इंतजार करते नजर आए। मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस कर्मी पूरे परिसर में तैनात हैं और केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है। मतगणना हॉल के भीतर प्रत्याशियों के अधिकृत एजेंट भी मौजूद हैं, जो हर चरण की गिनती पर नजर बनाए हुए हैं। शुरुआती रुझान सामने आने के साथ ही चुनावी तस्वीर स्पष्ट होने लगेगी। दिनभर चलने वाली मतगणना के बाद 14 पंचायत समिति वार्डों के विजेताओं का फैसला होगा।