फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla: रोटरी क्लब शिमला ने केएनएच में आयोजित किया स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों ने बताए मां के दूध के लाभ

राजधानी शिमला के कमला नेहरू अस्पताल (केएनएच) में रोटरी क्लब शिमला की ओर से स्तनपान जागरूकता कार्यक्रम के तहत विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं की माताओं और उनके परिजनों को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक और इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा शर्मा ने उपस्थित माताओं और परिजनों को संबोधित करते हुए बताया कि जन्म के बाद पहले छह महीने तक शिशु के लिए केवल माता का दूध ही सबसे उपयुक्त और आवश्यक आहार है। उन्होंने कहा कि मां का दूध शिशु को संपूर्ण पोषण प्रदान करता है और उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. शर्मा ने स्तनपान की सही तकनीक, शिशु को दूध पिलाने की उचित स्थिति, स्तनपान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और मां के स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित स्तनपान से शिशु में संक्रमण का खतरा कम होता है तथा मां और बच्चे के बीच भावनात्मक संबंध भी मजबूत होता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं ने स्तनपान से जुड़ी विभिन्न शंकाओं के बारे में विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की। अस्पताल स्टाफ और रोटरी क्लब के सदस्यों ने भी माताओं को नवजात शिशु की देखभाल और स्तनपान से संबंधित उपयोगी सुझाव दिए। रोटरी क्लब शिमला के अध्यक्ष हरप्रीत सेम्बी ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और रोटरी क्लब के सदस्य उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें