बालूगंज थाना के अंतर्गत भरयाल के समीप नगर निगम का कूड़ा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। इस हादसे में चालक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है। हादसा आज सुबह उस समय हुआ जब चालक कूड़ा लेकर भरयाल जा रहा था। इस दौरान चालक भरयाल से पहले गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा। इससे ट्रक करीब 200 मीटर नीचे जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पंहुचे और बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर अचेत अवस्था में पड़े चालक को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। नगर निगम शिमला की उपमहापौर उमा कौशल ने हादसे की पुष्टि की है।