हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार की ओर से अस्पतालों में ओपीडी पर्ची के लिए 10 रुपये का शुल्क लेने की कोई सिफारिश नहीं की गई है। कहा कि अगर कोई अस्पताल प्रबंधन चाहता है कि उसे सफाई व्यवस्था के लिए 10 रुपये लेने हैं तो अपने स्तर पर फैसला ले सकता है। यह उस अस्पताल की रोगी कल्याण समिति को फैसला लेना है कि शुल्क लगाना है या नहीं। सरकार ने इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की। सीएम ने पर्यावरण दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय समारोह के दाैरान पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में यह बातें कहीं।