फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

HPU Award Ceremony: हिमाचल विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का सम्मान, 27 खिलाड़ियों को मिले पुरस्कार

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में बुधवार को आयोजित 54वीं वार्षिक सामान्य बैठक (एजीएम) और सातवें वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में खेल और सांस्कृतिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय सभागार में हुए कार्यक्रम में कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने राष्ट्रीय और अंतर विश्वविद्यालय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले 27 खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित खिलाड़ियों में जूडो, बॉक्सिंग, वुशू, महिला शतरंज और महिला क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ी शामिल रहे। इन खिलाड़ियों का चयन प्रदेश के अलग-अलग महाविद्यालयों से किया गया था। जूडो में अभिषेक, निरजल और दाक्षी गुप्ता, बॉक्सिंग में ऋषभ देव सांगर और वुशू में कुलवंत को सम्मान मिला। वहीं महिला शतरंज वर्ग में सुहानी, दिव्या सूद, स्नेहा ठाकुर, केशवी, अंजलि शर्मा और पायल को पुरस्कृत किया गया। महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों को भी उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सत्र 2025-26 में विश्वविद्यालय की 42 खेल प्रतियोगिताओं में अपनी टीमों का नेतृत्व करने वाले कप्तानों को विश्वविद्यालय पॉकेट कलर प्रदान किए गए। इसके अलावा खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधि परिषद में मनोनीत करने की घोषणा की गई। समारोह में वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं के ओवरऑल विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग की प्रतिष्ठित पद्मश्री चरणजीत सिंह ट्रॉफी एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा को प्रदान की गई, जबकि महिला वर्ग की ओवरऑल चैंपियनशिप राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला ने अपने नाम की। सांस्कृतिक गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन के लिए एचपीयू के पीजी सेंटर को यूथ फेस्टिवल की ओवरऑल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. महावीर सिंह ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, खेल प्रभारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें