हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) में सोमवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। दोपहर 12:30 बजे विश्वविद्यालय सभागार में शुरू हुए इस समारोह में 600 से अधिक विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें शैक्षणिक, खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी शामिल रहे। समारोह में छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरस्कारों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, कुल पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में करीब 80 प्रतिशत छात्राएं रहीं। शैक्षणिक श्रेणी में भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। इस श्रेणी के कुल 294 पुरस्कारों में से 215 पुरस्कार छात्राओं को मिले। समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य प्रो. महावीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सदस्य प्रो. ममता मोक्टा विशेष अतिथि और अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. बीके शिवराम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का आगामी दीक्षांत समारोह मार्च में आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन इस समारोह में जापान के एक नोबेल पुरस्कार विजेता को आमंत्रित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए उन्हें औपचारिक निमंत्रण भेजा जाएगा। वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का उत्साहवर्धन किया।