भारत-अमेरिका प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के विरोध में बुधवार को हिमाचल किसान सभा और हिमाचल प्रदेश सेब उत्पादक संघ के बैनर तले शिमला स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का प्रतीकात्मक पुतला फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि यदि भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता लागू हुआ तो अमेरिकी सेब और अन्य कृषि उत्पाद कम कीमत पर भारतीय बाजार में पहुंचेंगे। इससे हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों को अपनी फसल का उचित मूल्य नहीं मिलेगा और स्थानीय बागवानों की आय प्रभावित होगी। किसान सभा और सेब उत्पादक संघ के नेताओं ने कहा कि यह समझौता किसानों और बागवानों के हितों के खिलाफ है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि कृषि और बागवानी क्षेत्र को प्रस्तावित एफटीए के दायरे से बाहर रखा जाए, ताकि हिमाचल सहित देशभर के किसानों के हित सुरक्षित रह सकें। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सेब हिमाचल की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इस क्षेत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाला कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के अंत में संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि किसानों और बागवानों की मांगों की अनदेखी की गई तो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।