बिलासपुर एनसीसी एचपी नेवल यूनिट बिलासपुर के जलतरंग नौकायान प्रशिक्षण शिविर के छठे दिन 60 एनसीसी कैडेट्स ने रायपुर मैदान से लठयाणी तक गोबिंद सागर झील में नौकायान किया। दिन की शुरुआत में कैडेट्स ने शारीरिक व्यायाम और योगा किया। इसके बाद झील में तीन सेलिंग बोट, दो बचाव बोट और एक सुरक्षा बोट लेकर नौकायान किया। लठयाणी में गोबिंद सागर झील के तट पर सभी कैडेट्स ने अपना दोपहर का भोजन ग्रहण किया। इसके बाद कैडेट्स ने पुनीत सागर अभियान के तहत लठयाणी में एक रैली निकाली। साथ ही गोबिंद सागर झील के आसपास साफ-सफाई की। कमांडिंग ऑफिसर कमांडर डॉ. देवाशीष गुहा ने बताया कि गुरुवार को 80 किलोमीटर नौकायान करने के बावजूद भी कैडेट्स में थकावट नहीं थी। शुक्रवार को भी उन्होंने नौकायन में जोश दिखाया है। एनसीसी कैडेट्स के यह कार्य अत्यंत सराहनीय है। सभी जनमानस को इससे प्रेरणा लेकर इस अभियान में सहयोग करना चाहिए। इस दौरान मुख्य अनुदेशक पेटी ऑफिसर भरत भूषण, पीओ अनिल शर्मा, मनीष ठाकुर, राजेश कुमार, संजीव कुमार, कमलेश कुमार, विक्रम, ओम प्रकाश, बीडी दास, जीसीआई अंकिता, एएनओ केवल सिंह, सीटीओ अब्दुल मजीद, नर्सिंग ऑफिसर अमित कुमार, शिप मॉडलिंग इंस्ट्रक्टर अमित ठाकुर और नौ सेना यूनिट एनसीसी बिलासपुर के अन्य सदस्य मौजूद रहे।