हिमाचल प्रदेश के 147 संचालित सरकारी सीबीएसई स्कूलों में सेवारत शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर का बयान आया है। उन्होंने कहा कि बुधवार को मामले पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में हुई उप मंत्रिमंडलीय समिति बैठक में लिए फैसलों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी जाएगी और मेरिट के आधार पर शिक्षकों को नियुक्ति दी जाएगी। सीबीएसई स्कूलों में प्रिंसिपलों को भी जल्द तैनाती दी जाएगी। सीबीएसई स्कूलों में पहले से तैनात शिक्षकों के तबादलों पर मंत्री ने कहा कि विभाग में रिक्तियां बहुत हैं, सभी को एडजस्ट किया जाएगा। अगर सीबीएसई स्कूलों में भी जरूरत होगी तो वहां भी उन शिक्षकों को रखा जाएगा। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त शिक्षक भी रखे जाएंगे। पहली प्राथमिकता सीबीएसई स्कूलों के लिए चयनित शिक्षकों को तैनाती देने की रहेगी। उन्होंने कहा कि 10वीं व 12वीं के मेधावियों को 16 हजार रुपये ही प्रोत्साहन राशि को जल्द जारी करने के प्रयास किए जा रहे हैं।