हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि अप्रैल महीने में रिटायर होने वाले सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की कम्यूटेशन नहीं रोकी जाएगी। उन्होंने कहा कि आज 1500 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सभी को कम्यूटेशन का लाभ मिलेगा। लेकिन भविष्य में कर्मचारियों को कम्यूटेशन देनी है या नहीं, इस पर कैबिनेट बैठक में विचार-विमर्श किया जाएगा। सीएम ने कहा कि कम्यूटेशन के मामले पर कैबिनेट सब कमेटी की बैठक हुई है। कमेटी ने कुछ सिफारिशें की हैं, जिसमें सरकारी कर्मचारियों को 40 फीसदी पेंशन एडवांस पर भी विचार करने की बात कही गई है। बता दें, सब कमेटी ने कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली कम्यूटेशन को बंद करने की सिफारिश की है। अब कैबिनेट में इस पर चर्चा होगी। सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाने या न बढ़ाने को लेकर भी कैबिनेट में चर्चा होगी।