होटल हॉलिडे होम, शिमला में अमर उजाला स्कूल एक्सीलेंस अवार्ड कार्यक्रम का शुभारंभ हो गया है। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों के स्कूल प्रमुखों को सम्मानित किया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, बेहतर शैक्षणिक परिणाम, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्कूलों को सम्मान प्रदान किया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, स्कूल संचालक, प्राचार्य और शिक्षा जगत से जुड़े लोग मौजूद हैं। अमर उजाला की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संस्थानों को मंच प्रदान करना और बेहतर शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देना है।