फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sawai Madhopur: विधायक जितेंद्र गोठवाल बोले- कांग्रेस शुरू से ही भीमराव आंबेडकर और दलित विरोधी रही है

Wed, 15 Jan 2025 10:35 PM IST
अरविंद कुमार न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, सवाई माधोपुर

भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के योगदान को लेकर भाजपा द्वारा राजस्थान में संविधान गौरव यात्रा अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत बुधवार को सवाई माधोपुर में भाजपा द्वारा एक प्रेसवार्ता आयोजित की गई। जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान भाजपा के प्रदेश मंत्री और खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित मीडिया से रूबरू हुए।

इस दौरान गोठवाल ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार शुरू से ही बाबा साहब की विरोधी रही है। बाबा साहब ने जब अपने राजनीतिक जीवन का शुभारंभ किया तो बाबा साहब ने सर्वप्रथम महाराष्ट्र से चुनाव लड़ा और उनका राजनीतिक चुनाव में विरोध करने वाला अगर कोई व्यक्ति था तो वह कांग्रेस के बड़े नेता थे। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस शुरू से ही बाबा साहब भीमराव आंबेडकर और दलित समाज की विरोधी रही है। 

गोठवाल ने कहा कि भाजपा ने भारत रत्न डॉक्टर भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपनाया है। बाबा साहब की न्याय, समानता और सशक्तिकरण पर आधारित एक आदर्श राष्ट्र की परिकल्पना थी, जिसको भाजपा ने अपनाते हुए सामाजिक और आर्थिक सुधारों की दिशा में अनेक कदम उठाए हैं। बाबा साहब को भाजपा समर्थित सरकार ने भारत रत्न प्रदान किया तथा साल 1990 में संसद में उनका चित्र भी स्थापित किया, भाजपा ने अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षण को 10 वर्षों के लिए बढ़ाया। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 को हटाकर वहां के नागरिकों को समान अधिकार प्रदान किया, जो की आंबेडकर के दृष्टिकोण के अनुरूप था। भाजपा सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की। बाबा साहब की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 और 10 रुपये के स्मारक सिक्के जारी किए, जो राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को चिन्हित करेंगे। कांग्रेस हमेशा से ही आंबेडकर की विरोधी रही है। उन्होंने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन में सदैव बाबा साहब को कमजोर करने का प्रयास किया है। 

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील दीक्षित ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों को लेकर कहा कि स्वामी विवेकानंद की जयंती 12 जनवरी पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी की सौगात दी। भाजपा की सरकार मुख्यमंत्री भजनलाल के नेतृत्व में प्रदेश की पहली ऐसी सरकार है, जो लगातार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का काम कर रही है। दूसरी ओर कांग्रेस की सरकार थी, जहां पर युवाओं को रोजगार का अता-पता नहीं था, बल्कि कांग्रेस नेता मिलकर पेपर लीक करते थे। 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें