दीपावली सीजन के चलते प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में इन दिनों पर्यटकों की लगातार आवाजाही हो रही है। सोमवार शाम 4 बजे तक यहां पर्यटकों के करीब 9497 वाहन आए हैं, जिससे नगर पालिका को वाहन कर के रूप में 9 लाख 80 हजार 112 रुपये की आय हुई है।
माउंट आबू नगर पालिका प्रशासन के अनुसार दीपावली सीजन के पहले दिन 2 नवंबर 2024 को 3133 वाहन आए। इससे नगरपालिका को 3 लाख 22 हजार 122 रुपये की आय हुई। 3 नवंबर 2024 को माउंट आबू पहुंचने वाले वाहनों की संख्या 3877 रही। इससे नगर पालिका को 3 लाख 93 हजार 220 रुपये की आय हुई। जबकि सोमवार को शाम 4 बजे तक यहां 2487 वाहन आए हैं, जिससे 2 लाख 66 हजार 770 रुपये की आय हुई है। माउंट आबू में पर्यटकों की लगातार आवाजाही से होटल, रेस्टोरेंट एवं गेस्ट हाउस सहित सभी व्यवसायियों के चेहरे खिल गए हैं।
हालत यह है कि आबूरोड-माउंट आबू मार्ग पर बार-बार वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। ऐसे में पर्यटकों को माउंट आबू आवाजाही में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गौरतलब है कि दीपावली के बाद से लाभ पंचमी तक समीपवर्ती गुजरात एवं महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों से पर्यटक माउंट आबू आते हैं।
नगर निगम के सारे दावे फेल
हर बार की तरह इस बार भी दीपावली सीजन में व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। शहर में जगह-जगह वाहन खड़े रहने से बार-बार जाम लग रहा है, इससे पर्यटक परेशान हो रहे हैं। नक्की लेक, अचलगढ़, देलवाड़ा जैन टेम्पल, गुरु शिखर एवं सनसेट प्वाइंट सहित पर्यटन स्थल पर दिनभर पर्यटकों की भीड़भाड़ बनी रहती है। सात घूम एवं यात्री कर नाका पर भी मेले सा माहौल बना रहता है। आबूरोड के तलेटी क्षेत्र में होटलों एवं रेस्टोरेंटों संचालकों के मुंहमांगे भाव वसूलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। हर बार पर्यटकों को इस समस्या का सामना करना पड़ता है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कोई कार्रवाई करने या मॉनिटरिंग करने के प्रति बेपरवाह नजर आ रहे हैं।