क्षेत्र के ब्रह्माकुमारीज संस्थान ने देश एवं दुनिया में विश्व बंधुत्व के लक्ष्य लेकर दादी प्रकाश मणि माउंटआबू हॉफ इंटरनेशनल मैराथन अयोजित की, जिसमें भारत सहित कई देशों के 3 हजार से ज्यादा धावकों ने हिस्सा लिया। यह मैराथन समतल जमीन पर नहीं बल्कि जमीन से पहाड़ पर चढ़ाई की थी, जिसमें पाली के कल्पेश देवासी पहले स्थान पर रहे।
संस्थान के मनमोहिनी वन से सवेरे 6 बजे हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया गया। 21.9 किलोमीटर की दौड़ लगाते हुए प्रथम विजेता पाली निवासी कल्पेश देवासी ने मात्र 1 घंटे 22 मिनट में यह दूरी पूरी कर ली। वहीं माउंट आबू के वरुण दूसरे तथा टोंक के रोहित तीसरे स्थान पर रहे। यह मैराथन आबूरोड की तलहटी से प्रारंभ हुई और माउंट आबू के पांडव भवन स्थित ओम शांति भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
इससे पूर्व क्षेत्रीय विधायक मोतीराम कोली, आबूरोड पालिका चेयरमैन मगनदान चारण, एसडीएम विरमाराम, ब्रह्माकुमारीज के मीडिया प्रमुख बीके करुणा, कार्यकारी सचिव बीके मृत्युंजय, अंतरराष्ट्रीय ओलंपियन सुनीता गोदारा समेत कई लोगों ने हरी झंडी दिखाकर रवानगी दी। मैराथन के दौरान करीब 1 घंटे तक यातायात बाधित रहा। मैराथन मार्ग पर जगह-जगह रिफ्रेशमेंट स्टाल एवं मेडिकल टीम मौजूद रही।