आबूरोड शहर से गुजर रही बनास नदी में राजवाड़ा पुल के पास एक वृद्ध व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर आबूरोड शहर पुलिस थाना के हेड कांस्टेबल देवाराम मीणा मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नदी से निकलवाकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक चार दिन पहले मोरथला से आकराभट्टा सरकारी अस्पताल जाते समय पानी के तेज बहाव में बह गया था।
पुलिस के अनुसार इस मामले में मोरथला पीएस आबूरोड सदर निवासी बाबूलाल पुत्र मानजी भील ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका भाई किशनलाल (65) पुत्र नवाजी भील 4 दिन पहले मोरथला से नदी होते हुए आकराभट्टा सरकारी अस्पताल जा रहा था। नदी में पानी के तेज बहाव को पार करते समय वह उसमें डूब गया। किशनलाल के वापस घर नहीं लौटने पर परिवारजनों द्वारा उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन उसका कहीं पर कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को उसका शव बनास नदी में राजवाड़ा पुल के समीप मिला। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
बहते पानी को पार करने से बचे
आबूरोड शहर पुलिस थाना के हेडकांस्टेबल देवाराम मीणा ने कहा कि अभी बनास नदी में पानी का तेजी बहाव चल रहा है। इसलिए आमजन को इसमें उतरने या पार करने का प्रयास करने से बचना चाहिए। जरा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। पूर्व में भी कई हादसे हो चुके है। ऐसे में सबको सचेत रहकर अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना होगा।