नब्बे के दशक की मशहूर बॉलीवुड अभिनेत्री और बिग बॉस फेम शिल्पा शिरोडकर अपनी नई फिल्म जटाधारी की शूटिंग के लिए आबूरोड पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने आबूरोड-अहमदाबाद फोरलेन पर मावल गांव के समीप स्थित श्री विजया वेंकटेश्वर तिरुपति बालाजी धाम के दर्शन किए। यहां पहुंचने पर मंदिर प्रबंधन द्वारा उनका अभिनंदन किया गया। अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर मंदिर में दर्शन कर आरती में भी सम्मिलित हुईं। इसके साथ ही लोगों से बातचीत कर अपने इस प्रोजेक्ट के बारे में चर्चा भी की। इस दौरान लोगों में भी खुशी दिखाई दी तथा लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए।
गौरतलब है कि फिल्म जटाधारा में अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा एवं तेलुगू फिल्मों के अभिनेता सुधीर बाबू मुख्य भूमिका में रहेंगे। अरुणा अग्रवाल एवं प्रेरणा अरोड़ा के निर्देशन में बनाई जा रही इस फ़िल्म की शूटिंग 40 दिन चलेगी। फिल्म में तिरुपति बालाजी धाम के राधा देवी जगदीश प्रसाद अग्रवाल परिसर में फ़िल्म के कई सीन शूट होंगे। सोनाक्षी इस फ़िल्म से तेलगू फ़िल्म जगत में अपना डेब्यू करने जा रही हैं। इंटरनेशनल विमन्स डे पर फ़िल्म में सोनाक्षी का इंटेंस फर्स्ट लुक इंस्टाग्राम पर देखने को मिला है। जिले का माउंटआबू क्षेत्र में अब फ़िल्म शूटिंग के लिए पसंदीदा लोकेशन बन रही है।
बिग बॉस से वापस चर्चाओं में आई अभिनेत्री शिरोडकर
अभिनेत्री शिल्पा शिरोडकर पिछले दिनों ही बिग बॉस के सीजन 18 में नजर आई थीं। इस शो में टीवी से लेकर बॉलीवुड और जाने माने यूट्यूबर ने एंट्री ली थी। इस सीजन की ट्रॉफी टीवी एक्टर करण वीर मेहरा ने जीता है। शो में बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा शिल्पा शिरोडकर ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं थी।
माउंट आबू क्षेत्र में पूर्व में भी हो चुकी है कई फिल्में
हिल स्टेशन माउंटआबू में इससे पहले कई फिल्मों एवं गानों की शूटिंग हो चुकी है। माउंटआबू में प्रीति जिंटा की फिल्म दिल है तुम्हारा’ की शूटिंग भी हो चुकी है। साल 2002 में अर्जुन रामपाल एवं प्रीति जिंटा की इस फिल्म के साथ माउंटआबू ने एक और फिल्मी पहचान बनाई है। राजस्थानी फिल्म लाडली की अधिकांश शूटिंग भी माउंट आबू में हुई थी। लंबे समय बाद यहां किसी फिल्म की शूटिंग हो रही है। माउंटआबू की वादियां फिल्मों के लिए एक परफेक्ट लोकेशन हो सकती हैं और अगर इन स्थानों को फिल्मों में जगह मिलती है, तो यह पर्यटन को और बढ़ावा दे सकता है।