जिले में आगरा से बीकानेर जाने वाले नेशनल हाईवे पर सड़क निर्माण कार्य के दौरान सड़क डालने वाली मशीन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब 15 फीट ऊंचाई तक आग की लपटें उठती दिखाई दीं और आसपास काला धुआं फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क निर्माण कंपनी के ठेकेदार की मदद से करीब आधे घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। घटना के दौरान हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम भी लग गया, जिसे बाद में हटवा दिया गया।
यह घटना सीकर जिले के गोकुलपुरा थाना क्षेत्र में बाजोर गांव के पास हुई। यहां नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से ठेकेदार के माध्यम से सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था। उसी दौरान डामर लिक्विड से भरे टैंकर में अचानक आग लग गई। वहां काम कर रहे मजदूरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और ठेकेदार को दी।
ये भी पढ़ें: Kotputli-Behror News: कुतीना के पास अनियंत्रित होकर रैंप से टकराई बाइक, दो युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत
तत्काल पानी का टैंकर मंगवाया गया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। पुलिस और कर्मचारियों की तत्परता से करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। प्रारंभिक आशंका है कि मशीन में मौजूद लिक्विड अत्यधिक गर्म होने के कारण किसी चिंगारी के संपर्क में आ गया, जिससे आग भड़क उठी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
हाईवे पर आग लगने की घटना से स्थानीय लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। जिस मशीन में आग लगी थी, उसमें लिक्विड भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि यह अत्यधिक ज्वलनशील नहीं था, लेकिन लगातार गर्मी और चिंगारी के संपर्क में रहने से आग लग सकती है। इस घटना के कारण करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और लंबा जाम लगा रहा। बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।