जिले के अजनोटी क्षेत्र में बुधवार को डूंगरी बांध को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर हुए पथराव के मामले में अब पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने पुलिसकर्मियों पर पथराव करने और ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास करने वाले आंदोलनकारियों के खिलाफ सुरवाल थाने में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि डूंगरी बांध रद्द करो संघर्ष समिति के आह्वान पर बुधवार को ट्रैक्टर रैली के बाद अजनोटी में आमसभा आयोजित की गई थी। आमसभा के दौरान कुछ उपद्रवी आंदोलनकारियों ने जबरन ट्रैक्टर लेकर कलेक्ट्रेट की ओर कूच करने का प्रयास किया। जब पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उग्र आंदोलनकारियों ने पुलिसकर्मियों पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया और पथराव शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें: लिव-इन बना सामाजिक अपराध: जालोर में परिवार पर 31 लाख का फरमान, हुक्का-पानी बंद; हाईकोर्ट का आदेश भी बेअसर
एसपी के अनुसार पथराव की इस घटना में करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, साथ ही पुलिस के कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद माहौल बिगाड़ने वाले और हिंसा में शामिल आंदोलनकारियों के खिलाफ सुरवाल थाने में दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। एक एफआईआर में करीब तीन दर्जन लोगों को चिन्हित कर नामजद किया गया है, जबकि दूसरी एफआईआर अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ट्रैक्टर रैली और आमसभा से पूर्व पुलिस एवं प्रशासन की संघर्ष समिति के पदाधिकारियों से वार्ता हुई थी, जिसमें समिति की ओर से शांतिपूर्ण सभा आयोजन का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद आमसभा के दौरान अचानक माहौल बिगड़ना और पुलिस पर पथराव किया जाना गंभीर मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पुलिस पर पथराव करने वाले आंदोलनकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।