केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर जीरामजी करने के विरोध में कांग्रेस पार्टी लगातार आंदोलन कर रही है। इसी क्रम में सोमवार को सवाई माधोपुर में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कलेक्ट्रेट के समक्ष सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया गया।
भाजपा योजना को खत्म करने पर आमादा
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार नाम बदलने की आड़ में मनरेगा योजना को धीरे-धीरे समाप्त करने की मंशा से काम कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि यह योजना मजदूरों और कमजोर वर्ग के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन भाजपा सरकार गरीबों से जुड़ी इस जनकल्याणकारी योजना को खत्म करने पर आमादा है।
ये भी पढ़ें: बजट को लेकर आमने-सामने आए भाजपा-कांग्रेस के नेता, मदन राठौड़ बोले- सचिन को नहीं पता आटे-दाल का भाव
'पूर्व की तरह ही संचालित हो योजना'
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना है और इससे करोड़ों ग्रामीण परिवारों को आजीविका मिलती है। केंद्र सरकार द्वारा योजना में नाम बदलने के नाम पर किए जा रहे सभी बदलावों को वापस लेकर इसे पूर्व की तरह ही संचालित किया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार मनरेगा योजना को उसके मूल स्वरूप में बहाल नहीं करती, तब तक केंद्र सरकार के खिलाफ उनका आंदोलन लगातार जारी रहेगा।