सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय के केशव नगर इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार शाम करीब 4 बजे एक महिला की गोद में मौजूद डेढ़ साल की मासूम बच्ची पर मोहल्ले के आवारा कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। महिला ने बड़ी मुश्किल से अपनी बच्ची को कुत्तों से बचाया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हमले में महिला और बच्ची दोनों घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बीते एक सप्ताह में यह पांचवीं घटना है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रहे हमलों के बावजूद प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: हाईवे किनारे शराब दुकानों को हटाने के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम रोक
घटना के बाद मोहल्ले के लोग भयभीत और सहमे हुए हैं। लोगों का कहना है कि बच्चों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इस संबंध में जिला प्रशासन को शिकायत भी दी गई है लेकिन अब तक समस्या के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।