फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotputli-Behror News: उधार के रुपये मांगने पर युवक पर फरसी से हमला, हालत गंभीर

Mon, 23 Mar 2026 08:24 AM IST
कोटपुतली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला,कोटपुतली-बेहरोर

भिवाड़ी के यूआईटी थाना क्षेत्र के ग्राम बनबन में महज दो हजार के लेनदेन को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार दिए गए रुपये वापस मांगने पर तीन लोगों ने युवक पर फरसी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक का उपचार अलवर जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

पैसे के लेनदेन को लेकर हुई कहासुनी
जानकारी के अनुसार घायल युवक अमीर ने गांव के ही सद्दाम, मकसूद और भूरा को कुछ समय पहले 2000 रुपए उधार दिए थे। बताया जा रहा है कि अमीर अपने पैसे वापस लेने के लिए आरोपियों के पास गया था। इसी दौरान पैसे के लेनदेन को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अमीर के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान एक आरोपी ने फरसी से उस पर वार कर दिया। हमले में अमीर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

परिजनों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अमीर को तुरंत भिवाड़ी के अस्पताल लेकर गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे अलवर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

पैसे मांगने से नाराज थे आरोपी
घायल के पिता इलियास ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने आरोपियों को उधार दिए गए पैसे मांगे थे, इसी बात से नाराज होकर तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। परिजनों का कहना है कि मामूली रकम को लेकर इस तरह का हिंसक हमला बेहद चिंताजनक है। घटना के बाद परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।

ये भी पढ़ें: एयरफोर्स जासूसी मामला: नाल में भी की थी जासूसी, यहां से फाइटर एयरक्रॉपट की लोकेशन पाक को भेजी

जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
उधर, सूचना मिलने पर यूआईटी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से मिली शिकायत के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला लेनदेन के विवाद से जुड़ा सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, गांव में घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।  

 

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें