फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kotputli-Behror News: रायकरणपुरा सहकारी समिति पर खाद के लिए मचा हंगामा, किसानों की भीड़ संभालने पहुंची पुलिस

Wed, 03 Dec 2025 09:36 PM IST
कोटपुतली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़

ग्राम पंचायत रायकरणपुरा स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति पर बुधवार को खाद की भारी किल्लत देखने को मिली। समिति में करीब 900 कट्टे खाद पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में किसान खाद लेने पहुंच गए। हालात ऐसे बने कि समिति खुलने से पूर्व ही किसानों की भीड़ परिसर के बाहर उमड़ पड़ी।

सुबह होते ही समिति परिसर और आसपास के क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। उपलब्ध खाद की तुलना में किसानों की संख्या कहीं अधिक होने से स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई। समिति के व्यवस्थापक हुकम यादव ने बताया कि किसानों की भीड़ को कतारबद्ध करना मुश्किल हो गया था, जिसके चलते खाद वितरण के लिए पुलिस प्रशासन की सहायता लेनी पड़ी।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: मदार–पालनपुर रेलखंड पर आरसीसी बॉक्स डालने के लिए ट्रैफिक ब्लॉक,कई रेल सेवाएं रद्द और रीशेड्यूल

सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने किसानों को समझाइश कर भीड़ को नियंत्रित किया तथा उन्हें व्यवस्थित रूप से कतार में खड़ा करवाया। इसके बाद ही पुलिस की मौजूदगी में खाद का वितरण प्रारंभ किया जा सका।

भीड़ में बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग व दिव्यांग किसान शामिल थे, जिन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ी। स्थिति यह रही कि सहकारी समिति में पंजीकृत कई किसान खातेदारों को भी खाद का एक कट्टा तक नहीं मिल सका। घंटों इंतजार के बाद अनेक किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हुए।

किसानों का कहना है कि रबी फसल के मौजूदा सीजन में खाद की मांग अत्यधिक है, लेकिन आपूर्ति कम होने से बार-बार इस तरह की अव्यवस्था सामने आ रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और वितरण व्यवस्था को पूर्व नियोजित व पारदर्शी बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसानों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें