कोटा-झालावाड़ रोड पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी आरटीओ टीम की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना से गाड़ी के अंदर बैठे आरटीओ इंस्पेक्टर की मौत हो गई, वहीं चालक भी घायल हो गया। हादसा मंडाना थाना इलाके ने टोल प्लाजा के नजदीक हुआ। जहां पर आरटीओ की टीम रात को वाहनों की चेकिंग कर रही थी। सूचना के बाद पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे के बारे में जानकारी ली। वहीं हादसे के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर रोड के किनारे उतर गया और मौका पाकर चालक फरार हो गया।
प्रादेशिक परिवहन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा ने बताया कि टीम नेशनल हाईवे 52 पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान कोटा से झालावाड़ की तरफ जा रहे ट्रेलर का चालान आरटीओ टीम ने बनाया था, जिससे नाराज ट्रेलर चालक ट्रेलर को वापस तेज गति से लेकर आया और आरटीओ टीम की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश बारवाल की मौत हो गई और चालक देवेंद्र गंभीर घायल हो गए। शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। सूचना पर कोटा जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी भी मोर्चरी पहुंचे और परिजनों से बातचीत की।
ये भी पढ़ें: Jaipur: प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा अब सात मई तक जारी रहेगी, पहले तीन दिन में खत्म करने की थी घोषणा, जानें
कोटा ग्रामीण पुलिस उपाधीक्षक राजेश ढाका ने बताया कि जिस समय यह घटना हुई आरटीओ टीम के अन्य सदस्य सड़क पर ही खड़े थे। ट्रेलर चालक के बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। पता चला है कि ट्रेलर चालक ने नंबर प्लेट को काला किया हुआ था और उसमें माल भी काफी ऊंचाई तक भरा हुआ था, जिसके कारण टीम ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन वह नहीं रुका और तेज गति से आगे चल गया।
इसके बाद आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश ने उसका 15,500 रुपये का ऑनलाइन चालान बना दिया। जैसे ही यह मैसेज चालक के पास पहुंचा वह वापस ट्रेलर को घुमाकर लाया और सरकारी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।