हाड़ौती संभाग के लिए महत्वपूर्ण कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का शिलान्यास 7 मार्च को होने जा रहा है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से इस ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का निर्माण होने जा रहा है। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू भी मौजूद रहेंगे।
शंभूपुरा में होगा कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन शंभूपुरा स्थित न्यू ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट स्थल पर होगा। साथ ही संभाग के लिए महत्वाकांक्षी नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना तथा परवन-अकावद वृहद पेयजल परियोजना के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा।
1507 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा
कोटा-बूंदी ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का निर्माण 1507 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इस ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के तहत 1000 यात्रियों की क्षमता होगी। इसमें 20,000 वर्गमीटर क्षेत्रफल वाला टर्मिनल बनाया जाएगा। साथ ही 3200 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे तैयार होगा। इसके अलावा ए-321 श्रेणी के विमानों की पार्किंग के लिए 7 एप्रन बे भी बनाए जाएंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का कहना है कि कोटा-बूंदी क्षेत्र सड़क और रेल कनेक्टिविटी से पहले ही जुड़ चुका है। आने वाले समय में एयर कनेक्टिविटी से जुड़ने के बाद क्षेत्र का बेहतर विकास हो सकेगा।
इन परियोजनाओं का भी होगा शिलान्यास
इसके साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत 1661.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना से कोटा एवं बूंदी जिलों के 749 गांवों और 6 कस्बों (कोटा जिले के 384 ग्राम और 3 कस्बे तथा बूंदी जिले के 365 ग्राम और 3 कस्बे) के 1 लाख 13 हजार 287 परिवारों को ‘हर घर जल’ योजना के तहत पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में नौनेरा वृहद पेयजल परियोजना को 4 कार्यकारी पैकेजों में विभाजित किया गया है।
दो पैकेज के तहत होगा काम
प्रथम पैकेज के तहत 207.38 करोड़ रुपये का कार्यादेश 4 दिसंबर 2025 को जारी किया गया। इस पैकेज के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र कोटा-बूंदी तथा कोटा जिले के विधानसभा क्षेत्र लाडपुरा, पीपल्दा, सांगोद और बूंदी जिले के विधानसभा क्षेत्र केशोरायपाटन व बूंदी के 749 ग्राम और 6 कस्बों को पेयजल से लाभान्वित किया जाएगा। इस पैकेज के अंतर्गत इंटेक वेल, रॉ-वॉटर राइजिंग मेन, तीन डब्ल्यूटीपी और तीन सीडब्ल्यूआर के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं।
ये भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा में गूंजा दरी पट्टियों की खरीद का मुद्दा, मंत्री ने बीईओ को निलंबित करने के दिए आदेश
द्वितीय पैकेज के तहत 200.52 करोड़ रुपये का कार्यादेश 4 दिसंबर 2025 को जारी किया गया। इस पैकेज के अंतर्गत लोकसभा क्षेत्र कोटा-बूंदी तथा विधानसभा क्षेत्र पीपल्दा के 165 गांवों (ब्लॉक इटावा के 165 गांव) और 1 कस्बे को लाभान्वित किया जाएगा। इस पैकेज के तहत 4 मध्यवर्ती पंप हाउस, 287.05 किलोमीटर क्लियर वॉटर राइजिंग मेन पाइपलाइन, 279.25 किलोमीटर क्लस्टर डिस्ट्रीब्यूशन मेन लाइन, 456.29 किलोमीटर ग्रामीण वितरण पाइपलाइन, 33 ईएसआर, 26,836 घरेलू जल संबंध और तीन सीडब्ल्यूआर के निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं।