शहर के बोरखेड़ा थाना इलाके में एटीएम से रुपए चोरी करने के मामले में शुक्रवार को एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया। इसमें तीन बदमाश एटीएम के अंदर घुसकर एटीएम मशीन को गैस कटर से काटते हुए नजर आ रहे हैं। मशीन को काटने के लिए बदमाश अपने साथ में एक बड़ा सा सिलेंडर भी लेकर आए थे। जिसको बदमाश मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए हैं। वारदात करने के दौरान बदमाशों ने एटीएम का शटर भी लगा दिया था और तसल्ली से वारदात को अंजाम दिया था।
बोरखेड़ा थाने सीआई देवेश भारद्वाज ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के अंदर तीन बदमाश दिखाई दिए हैं। जिन्होंने अपनी पहचान छुपाने के लिए मुंह पर कपड़ा भी बंद रखा था। घटनाक्रम के बाद से ही बदमाशों की तलाश की जा रही है। बदमाशों ने मानपुर इलाके में बैंक ऑफ़ इंडिया के एटीएम में सेंध लगाई थी और एटीएम में रखी 16 हजार 800 रुपए की नगद की राशि लेकर फरार हो गए थे। इसके बाद डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। बैंक अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। साथ ही संदिग्धों से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।