राजस्थान की कोटा पुलिस ने देर रात एक बड़े फार्म हाउस पर छापा मार कर जुआ और सट्टा खेलते हुए 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 3 लाख 30 हजार रुपये की राशि और 16 मोबाइल फोन जब्त किए गए। मामला आरके पुरम थाना इलाके के अवलि रोजड़ी स्थित फार्म हाउस का है, जहाँ यह अवैध जुआ और सट्टा लंबे समय से चल रहा था।
शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि इस पूरे प्रकरण में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदार ठहराया गया है। जिला विशेष टीम और थाना आरके पुरम के सीआई संदीप बिश्नोई को लाइन हाजिर कर दिया गया है। डीएसटी की टीम में प्रभारी पुलिस निरीक्षक पुष्पेंद्र बंसीवाल, एएसआई रामवीर और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
ये भी पढ़ें- चौमू सांप्रदायिक तनाव: धर्मस्थल पर भड़का विवाद, पथराव के बाद इंटरनेट बंद; मंत्री ने बताया आखिर क्यों हुआ बवाल
एसपी तेजस्वनी गौतम ने कहा कि कोटा में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अवैध गतिविधियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल ही में डीजीपी राजीव शर्मा ने ऑपरेशन डिकॉय शुरू करवाया था। इसके तहत शहर के विभिन्न इलाकों में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत देर रात की कार्रवाई में 12 लोग जुआ-सट्टा खेलते पकड़े गए।
एसपी ने बताया कि जिस बीट कांस्टेबल के इलाके में यह जुआ-सट्टा चल रहा था, वह अवकाश पर था। इस कारण उसके भूमिका की भी जांच की जा रही है। पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नियति शर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट तीन दिन में एसपी को सौंप दी जाएगी। तेजस्वनी गौतम ने स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिलीभगत और लापरवाही के मामलों में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, इस तरह की घटनाओं में थाना अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।