राजस्थान के कोटा जिले से पिछले आठ दिन में पांच लड़कियों के लापता होने पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने नाराजगी जताई। साथ ही उन्होंने भरे मंच से पुलिस को भी चेतावनी देते हुए कहा कि सारा काम छोड़कर लड़कियों को पता लगाओ। इसके साथ ही उन्होंने लड़कियों के ले जाने वालों के घर पर बुल्डोजर चलाने तक की चेतावनी दे दी है। दिलावर ने कहा कि लड़कियों को ले जाने वाले गुंडों ध्यान से सुन लो... हमारी शराफत का फायदा मत उठाओ, लड़कियों का वापस उनके घर नहीं भेजा तो सारी गुंडादर्गी खत्म कर देंगे। शिक्षा मंत्री दिलावर सुकेत में एक कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। यहां पर कुछ परिवारों ने मंत्री को लड़कियों के लापता होने की शिकायत देकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।
मंत्री दिलावर ने भरे मंच से डीएसपी धनश्याम मीणा से भी फोन पर बातचीत की और निर्देश दिए कि पांच दिन के अंदर सभी लड़कियों को तलाश कर उनको उनके घर पहुंचाओ। गुंडागर्दी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लड़कियों को ले जाने वाले गुंडों को पकड़ने के लिए दो टीम या फिर 20 टीम लगाओं, मुझे इसका रिजल्ट चाहिए। दिलावर ने ये भी कहा कि बेटी हिंदू की हो या मुसलमान की, बेटियों के साथ गलत करने वालो को सहन नहीं किया जाएगा। खुले मंच से दिलावर ने गुंडों को चेतावनी देते हुए कहा कि या तो संभल जाओ नहीं घर पर बुलडोजर चलाने से कोई नहीं रोक पाएगा। बेटियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है, जिसको हम बखूभी निभाएंगे।
डीएसपी धनश्याम मीणा ने मंत्री दिलावर को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो लड़कियां लापता हुईं हैं, उनकी गुमशुदगी दर्ज हो गई है। बालिकाओं को तलाश करने के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। साथ ही लापता हुई बालिकाओं के परिजनों से भी पुलिस लगातार संपर्क कर रही है। जिनपर शक है उनके बारे में भी जानकारी ले रही है। वहीं एसएचओ छोटूलाल ने बताया कि सुकेत थाने में बालिका के लापता होने का पहला मामला 22 फरवरी का सामने आया था, जिसके बाद 25 फरवरी को एक लड़की के लापता होने की गुमशुदगी दर्ज हुई थी। जुल्मी इलाके से 27 फरवरी को भी एक बालिका लापता हो गइ थी। वहीं सुकेत इलाके से एक मार्च को ही दो लड़कियां लापता हो गई थीं।