फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kota News: चांदी की तस्करी का भंडाफोड़, कोटा पुलिस ने 49 किलो चांदी के साथ दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Tue, 03 Feb 2026 10:48 PM IST
कोटा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटा

कोटा जिले की पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चांदी की सिल्लियों के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 49.43 किलोग्राम चांदी बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए आंकी गई है। यह मामला कोटा ग्रामीण के कनवास थाना क्षेत्र का है, जहां पर पुलिस ने छापेमारी कर यह कार्रवाई अंजाम दी।

मध्य प्रदेश से तस्करी करके ला रहे थे चांदी
जानकारी के अनुसार, दोनों तस्कर मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ इलाके से कोटा की ओर आ रहे थे। इनमें से एक व्यक्ति कोटा में चांदी के काम से जुड़ा हुआ है। आरोपियों से पूछताछ के दौरान यह पता चला कि बड़ी मात्रा में लाई गई चांदी के कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। चांदी को कोटा में बेचने की योजना थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। आरोपी अभी भी पूछताछ के लिए पुलिस हिरासत में हैं।

कोटा में चलाया जा रहा ऑपरेशन क्लीन स्वीप 
ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि चांदी की बढ़ती कीमतों के चलते इसकी तस्करी में लगातार इजाफा हो रहा है। इसे रोकने के लिए ग्रामीण क्षेत्र में ‘ऑपरेशन क्लीन स्वीप’ चलाया जा रहा है। इसी कार्रवाई के तहत मंगलवार को कनवास तिराहा मोरूकला पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान मध्य प्रदेश नंबर की एक कार को रोका गया, जिसमें तलाशी लेने पर 49.43 किलो चांदी की सिल्लियां बरामद हुईं।

ये भी पढ़ें: PM मोदी से मिले डॉ. लक्ष्यराज सिंह, प्रधानमंत्री को दिया मेवाड़ आने का निमंत्रण, संसद भवन में हुई मुलाकात

मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तस्कर
पुलिस ने इस मामले में मध्य प्रदेश निवासी आशीष जैन और पीरु लाल माली को गिरफ्तार किया है। चांदी की सिल्लियों की जानकारी आयकर विभाग और जीएसटी विभाग को भी दी गई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें