फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karauli: गलत नियुक्ति को लेकर प्लेसमेंट कार्मिकों ने कार्यक्रम अधिकारी पर लगाए आरोप, जांच की मांग

Wed, 19 Feb 2025 03:56 PM IST
करौली ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करौली

जिले के सपोटरा में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, नारौली डांग में प्लेसमेंट कार्मिकों ने कार्यक्रम अधिकारी (समसा) पुखराज मीना पर अपने रिश्तेदारों की गलत नियुक्ति का आरोप लगाया है। उन्होंने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पूर्व में कार्यरत कार्मिकों को पुनः बहाल करने की मांग की है।

सहायक वार्डन पल्लवी निर्वाण ने बताया कि वह ईमानदारी से कार्य कर रही थीं और नए टेंडर के तहत सभी प्लेसमेंट कार्मिकों ने आवेदन जमा किए थे। सहायक वार्डन का पद समाप्त होने के बाद उन्होंने सहायिका पद के लिए आवेदन किया था, लेकिन बिना किसी सूचना के उनके स्थान पर दूसरे गांव की एक महिला को नियुक्त कर दिया गया। आरोप है कि जिस महिला को नियुक्त किया गया, उसका आवेदन छात्रावास में जमा ही नहीं हुआ था।

इसी तरह कुक कम हेल्पर प्रेम गुर्जर और सहायिका हलकी सैनी ने भी कार्यक्रम अधिकारी पुखराज मीना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकारी लंबे समय से बालिका शिक्षा विभाग का प्रभार संभाल रहे हैं और जिले के कस्तूरबा छात्रावासों में निविदा सामग्री सप्लाई और भोजन सामग्री में 10 प्रतिशत कमीशन लेने के कारण भोजन और अन्य सुविधाओं में कटौती की जा रही है। प्लेसमेंट कार्मिकों को भी परेशान किया जा रहा है।

आरोप है कि छात्रावास प्रधानाध्यापिका, कार्यक्रम अधिकारी और नोडल प्रधानाचार्य ने मिलीभगत कर पुराने अनुभवी चौकीदार और सहायिका को हटाकर अपने चहेतों को नियुक्त करवा दिया। इससे छात्रावास में बालिकाओं को मिलने वाली सुविधाओं पर असर पड़ा है। नाश्ता और भोजन मेन्यू के अनुसार नहीं दिया जा रहा और शिक्षिकाएं भी रात में छात्रावास में नहीं ठहरती हैं।

इस मामले को लेकर प्लेसमेंट कार्मिकों ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने कार्यक्रम अधिकारी और नोडल प्रधानाचार्य का प्रभार हटाने तथा गलत सूची को निरस्त कर पूर्व में कार्यरत कार्मिकों को पुनः बहाल करने की अपील की है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें