करौली जिले में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक अहम बैठक आयोजित हुई, जिसका मुख्य एजेंडा कांग्रेस के चल रहे ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान की रणनीति तय करना रहा। बैठक शहर के भंवर विलास मैरिज गार्डन में हुई, जहां वक्ताओं ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की और कहा कि सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है।
कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी और संबोधन
बैठक में प्रदेश पंचायत राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सी.बी. यादव, बसेड़ी विधायक एवं जिला प्रभारी संजय जाटव, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर, हिंडौन विधायक अनीता जाटव, करौली के पूर्व विधायक लाखन सिंह मीणा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिवराज मीणा, पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अभियान को बूथ स्तर तक ले जाने पर जोर
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष सी.बी. यादव ने कहा कि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को ब्लॉक और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठन लगातार बैठकें कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आमजन को इस आंदोलन से जोड़ें और हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Crime: जयपुर में बेटे ने मां को बेरहमी से पीटा, फिर दबा दिया गला... मौत; कारण जानकर हो जाएंगे हैरान
कांग्रेस नेतृत्व की गाइडलाइन पर काम करने की अपील
जिला प्रभारी संजय जाटव ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस नेतृत्व की गाइडलाइन के अनुसार काम करने पर जोर दिया। वहीं अन्य वक्ताओं ने भी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में जिलेभर में ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को और अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाया जा सके।
यह भी पढ़ें- कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2025: अलवर में पकड़ी गई धौलपुर की अभ्यर्थी, जून में सहेली की जगह दे चुकी थी परीक्षा