केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आज जोधपुर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने अपने आवास पर आमजन से मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद वे जैसलमेर के लिए रवाना हुए, जहां पोकरण में आयोजित वायुसेना के युद्ध अभ्यास वायु शक्ति 2026 में शामिल होंगे।
पत्रकारों से बातचीत में शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की सैन्य क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को लेकर अभूतपूर्व कार्य हुआ है। उन्होंने कहा कि एक ओर देश की सामरिक ताकत बढ़ी है, वहीं दूसरी ओर रक्षा उपकरणों के स्वदेशी निर्माण में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: पशुधन बीमा योजना पर विधानसभा में हंगामा; मंत्री–विपक्ष के बीच तमीज-तहजीब तक पहुंची बात
उन्होंने कहा कि जो भारत एक दशक पहले रक्षा क्षेत्र में दुनिया के बड़े आयातकों में शामिल था, वह अब निर्यातक देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस, विभिन्न मिसाइल प्रणालियां और बुलेट प्रूफ जैकेट जैसे उपकरण अब देश में ही निर्मित किए जा रहे हैं। वायु शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से राष्ट्रपति के समक्ष भारतीय वायुसेना की आधुनिक तकनीकी क्षमता प्रदर्शित की जाएगी, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों का मनोबल और विश्वास मजबूत होगा।
शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री की आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति केवल भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि जो देश आतंकवाद को बढ़ावा देते थे, वे आज स्वयं उसी आग में झुलसते नजर आ रहे हैं। उनके अनुसार, दुनिया अब शांति और स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ रही है और भारत सदैव शांति, करुणा और सह-अस्तित्व का संदेश देता रहा है।
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी का सफाया होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प है कि देश के किसी भी हिस्से में घुसपैठियों को रहने नहीं दिया जाएगा और इस दिशा में कड़े कदम उठाए जाएंगे।