जोधपुर पूर्व के मण्डोर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक बिना नम्बरी बोलेरो पिकअप द्वारा नाकाबंदी तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भागने की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। काले शीशों वाली यह पिकअप पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज करते हुए कई वाहनों और बेरियर को टक्कर मारती चली गई। इस दौरान पुलिस के चेतक-4 वाहन को भी जान-बूझकर टक्कर मारी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत पीछा किया और पिकअप को पकड़कर वाहन में सवार तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना शाम करीब 5.10 बजे सुरपुरा डेम के पास नाकाबंदी के दौरान हुई। पुलिस ने पिकअप को रुकवाने का प्रयास किया लेकिन चालक वाहन को तेज गति से भगाता हुआ निकल गया। कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद कई पुलिस टीमें पीछा करने में जुट गईं। पिकअप ने भागते हुए आगणवा, ओसिया फांटा, ग्रामीण पुलिस लाइन, माणकलाव और सुंदर सिंह भंडारी योजना क्षेत्र में लगे बेरियर तोड़ते हुए कई स्थानों पर टक्करें मारीं। इस दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना और लोग अपनी सुरक्षा के लिए रास्ते से हटते रहे।
ये भी पढ़ें: राजस्थान में कड़ाके की ठंड से राहत, कई शहरों में रात्रि का तापमान 3 डिग्री तक बढ़ा
भागती पिकअप स्टेडियम रोड से होते हुए हंसलाव की पाल की तरफ पहुंची और रेलवे लाइन के पास खड़ी एक ब्रेजा कार को जोरदार टक्कर मार दी, जहां वाहन रुक गया। इसके बाद पिकअप में सवार तीनों युवक पैदल भागने लगे लेकिन पुलिस ने पीछा कर सभी को गिरफ्तार कर लिया। वाहन की तलाशी में बड़ा वायर कटर, लंगिया, कुल्हाड़ी और अन्य सामान मिला। आरोपियों ने रास्ते में लोगों पर पत्थर फेंकने और लोहे की सरिया लहराते हुए गालियां देने की हरकत भी की।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम धीरेन्द्र सिंह, राजू राम भील और चोथाराम उर्फ सवाई भील बताए गए हैं। थाना मण्डोर में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।