फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jodhpur News: बजट से भारत बनेगा आर्थिक महाशक्ति, ट्रेड डील से मेन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट की संभावनाएं बढ़ीं

Wed, 04 Feb 2026 02:07 PM IST
जोधपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जोधपुर

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत गुरुवार को जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनकी अगवानी की। इस दौरान शेखावत ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय बजट और भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश का बजट केवल एक आर्थिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह सरकार की प्राथमिकताओं और भविष्य की दिशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों जिस तरह की आर्थिक गतिविधियां हुई हैं, उससे यह स्पष्ट है कि भारत तेजी से आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने यूरोपीय यूनियन के साथ हुए समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि इससे भारत में मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट की संभावनाओं को बड़ा बल मिला है।

शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह लगातार 12वां बजट है और सरकार का लक्ष्य स्पष्ट है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार सहयोग की बजाय सशक्तिकरण की नीति पर काम कर रही है और देश को आगे बढ़ाने के लिए बड़े और कठोर फैसले लेने से पीछे नहीं हटती।

ये भी पढ़ें: Dausa News: अब यदि खुले में नहाते दिखे नगर परिषद वसूलेगी 100 रुपये जुर्माना, सख्ती से लागू होंगे ये नियम

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बार का बजट विकसित भारत की दिशा में कई कदम एक साथ आगे बढ़ाने वाला है। बजट के बाद भारत और अमेरिका के बीच हुए ट्रेड एग्रीमेंट से देश में उत्साह का माहौल बना है। उन्होंने कहा कि अमेरिका विश्व का सबसे बड़ा बाजार है और इस समझौते से भारत के एक्सपोर्ट, विशेषकर मानव संसाधन, सेवाओं, हस्तशिल्प, मैन्युफैक्चरिंग और इंजीनियरिंग सेक्टर को बड़ा फायदा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पहले उद्यमियों पर टैरिफ को लेकर दबाव था लेकिन भारत के मैन्युफैक्चरर्स ने नए बाजार तलाश कर और उत्पादों की गुणवत्ता सुधार कर इस चुनौती का सामना किया। इसका परिणाम यह हुआ कि टैरिफ के बावजूद भारत का निर्यात बढ़ा है। अब इस समझौते के बाद उद्योगों का आत्मविश्वास और अधिक बढ़ेगा तथा निर्यात में और तेजी आएगी।

ट्रेड डील को लेकर विपक्ष द्वारा सवाल उठाए जाने पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं की पूर्ति के लिए आशंकाओं का माहौल बनाया जा रहा है, जबकि यह डील देश के हित में है और इससे अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें