फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झालावाड़: लोकगीत गाते हुए मतदान केंद्र पहुंचीं महिलाएं, लंबी कतारों में दिखा लोकतंत्र का उत्साह

Fri, 30 Oct 2026 04:02 PM IST
झालावाड़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झालावाड़

न कोई शादी समारोह और न ही कोई मांगलिक आयोजन, इसके बावजूद महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाती नजर आईं। यह नजारा किसी उत्सव का नहीं, बल्कि लोकतंत्र के महापर्व का था। पंचायत राज चुनाव के द्वितीय चरण में शुक्रवार को गांवों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। शहर के नजदीक ग्राम पंचायत दुर्गापुरा, झिरनिया और कलमंडी के मतदान केंद्रों पर ग्रामीण महिलाएं स्थानीय मांगलिक अवसरों पर गाए जाने वाले पारंपरिक लोकगीत गाते हुए मतदान करने पहुंचीं। महिलाओं ने पहले लोकगीत गाकर मतदान के प्रति उत्साह जताया और फिर वोट डालने के बाद भी गीत गाते हुए घरों की ओर लौटीं।

सुविधाओं की उम्मीद में किया मतदान
मतदान के दौरान ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी अपनी अपेक्षाएं जाहिर कीं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क, बिजली, पानी और नालियों जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों, इसी उम्मीद के साथ वे अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। वहीं कई गांवों में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी भी सामने आई। शहर के नजदीक दुर्गापुरा गांव में महिलाओं ने पेयजल और सड़क संबंधी समस्याएं बताईं। उनका कहना था कि गांव की सरकार ऐसी होनी चाहिए जो इन समस्याओं का समाधान कर सके।

142 पंचायतों में 1032 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
जिले में द्वितीय चरण के तहत 142 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1032 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनके भाग्य का फैसला 4 लाख 82 हजार 802 मतदाता 509 मतदान केंद्रों पर कर रहे हैं। झालरापाटन, बकानी, खानपुर और पिड़ावा पंचायत समितियों में मतदान जारी रहा।जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि जिले में पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव और नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न हुई है। शुक्रवार को चार पंचायत समितियों की 142 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान कराया जा रहा है। दोपहर करीब 3 बजे तक प्राप्त सूचनाओं के अनुसार 35 से 40 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सुबह मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें रही, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य रही। सभी जगह शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा।

मतगणना को लेकर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात
एसपी अमित कुमार ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी और मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त कर रही हैं। सरपंच पद के चुनाव की मतगणना शुक्रवार रात को होनी है। इसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। जिले के सभी सब इंस्पेक्टरों को रात के समय संबंधित क्षेत्रों में ड्यूटी पर लगाया गया है। इसके साथ ही पुलिस के वीडियोग्राफर और फोटोग्राफर भी तैनात रहेंगे।एसपी ने आमजन से अपील की कि जिन स्थानों पर रात में मतगणना होनी है, वहां मतगणना स्थल के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित नहीं करें और ऐसा कोई व्यवहार या टिप्पणी नहीं करें जिससे तनाव अथवा उग्रता की स्थिति बने। पुलिस वीडियोग्राफी और पर्याप्त जाब्ते के साथ मतगणना स्थलों पर कड़ी निगरानी रखेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें