झालावाड़ जिले के अकलेरा थाना पुलिस ने सरकारी चारागाह भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हरे अफीम के पौधे बरामद किए हैं। जब्त किए गए अफीम के पौधों का कुल वजन 2229.640 किलोग्राम बताया गया है।
झालावाड़ एसपी अमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खेती के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अकलेरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए परपत्ती गांव निवासी हरिशचंद (58) को गिरफ्तार किया है, जिसने सरकारी चारागाह भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती कर रखी थी।
गश्त के दौरान मिली सूचना
अकलेरा थानाधिकारी धर्माराम पुलिस जाप्ते के साथ अवैध गतिविधियों की रोकथाम एवं जांच के लिए गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस टीम एनएच-52 होते हुए गांव थरोल पहुंची, जहां सूचना मिली कि ग्राम परपत्ती में एक किसान द्वारा अफीम की अवैध खेती की जा रही है।
पढे़ं: समरावता थप्पड़ कांड: एससी-एसटी कोर्ट में नरेश मीना पर चार्ज फ्रेम, बेल कैंसलेशन पर 21 फरवरी को सुनवाई
सूचना के आधार पर पुलिस टीम गांव परपत्ती के बाहर पूर्व दिशा में, परपत्ती से बासोदिया की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पहुंची, जहां अफीम की फसल लहलहाती हुई मिली। मौके पर तहसीलदार अकलेरा एवं हल्का पटवारी को बुलाया गया। जांच में उक्त भूमि सरकारी चारागाह (खसरा नंबर 570, राज्य सरकार खाता संख्या 194) होना पाई गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
मौके पर तलब किए गए आरोपी हरिशचंद ने स्वीकार किया कि अफीम की फसल उसी ने बोई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध रूप से उगाए गए हरे अफीम के पौधे जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।