झालावाड़ में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता विष्णुचन्द गोयल को 84 हजार रुपये का आईफोन रिश्वत के रूप में लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर किया है।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि 5 जनवरी को परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह विभाग में हैंडपंप रिपेयर, पाइप लाइन लीकेज रिपेयरिंग और भूमि संपर्क से संबंधित कार्य कर रहा है। परिवादी का आरोप था कि अभियंता विष्णुचन्द गोयल पहले ही रजिस्ट्रेशन के नाम पर उससे 25 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुके हैं और अब लगातार अनावश्यक आपत्तियां लगाकर डरा-धमका रहे थे।
परिवादी ने बताया कि बीती अगस्त से अभियंता उसकी टीम द्वारा लगाए गए लेबर के बिलों को फर्जी बताकर डीबार करने की धमकी दे रहे थे और होली-दीवाली पर कुछ नहीं देने का ताना देते हुए आईफोन 16 प्रो की मांग कर रहे थे, जिसकी कीमत लगभग 1.30 लाख बताई गई। शिकायत पर 7 जनवरी को गोपनीय सत्यापन कराया गया तो आरोपी द्वारा आईफोन 16/ 17 जैसे महंगे मोबाइल की मांग की पुष्टि हुई।
ये भी पढ़ें: Chittorgarh News: रमेश ईनाणी हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शूटर दिलाने के आरोप में संत भजनाराम गिरफ्तार
आज परिवादी ने एसीबी के निर्देश पर अभियंता के कहे अनुसार उसके नाम का बिल बनवाकर आईफोन XR रिश्वत के रूप में उनके कार्यालय में पेश किया। इसी दौरान एसीबी कोटा रेंज के डीआईजी आनंद शर्मा के सुपरविजन और एसीबी झालावाड़ चौकी की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रेरणा शेखावत के निर्देशन में निरीक्षक साजिद खान व टीम ने ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया और अभियंता को मोबाइल लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ और घर की तलाशी जारी है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।