फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhalawar: आदर्श गांव पिपलोदी में जिला कलेक्टर का संवाद, विद्यालय के लिए घर देने वाले भामाशाह को मिला सम्मान

Tue, 10 Feb 2026 07:07 PM IST
झालावाड़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, झालावाड़

झालावाड़ जिले के पिपलोदी गांव में मंगलवार को जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर सीधा संवाद किया। ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पिपलोदी का कोई भी परिवार अकेला नहीं है और जिला प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।
 
भामाशाह के योगदान की सराहना
चौपाल के दौरान पिपलोदी हादसे के बाद राजकीय विद्यालय के संचालन के लिए अपना निजी मकान उपलब्ध करवाने वाले भामाशाह मोर सिंह के योगदान की विशेष सराहना की गई। जिला कलेक्टर ने उनके नए घर के निर्माण में सहयोग के लिए एक लाख रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने कहा कि ऐसे भामाशाह समाज के लिए प्रेरणा हैं, जिनके सहयोग से कठिन समय में व्यवस्था को संभाला जा सका।
 
ग्रामीणों ने रखी समस्याएं
चौपाल में ग्रामीणों ने पेंशन प्रकरणों के लंबित रहने, पेयजल संकट, खाद्य सुरक्षा योजना में राशन पुनः चालू करवाने सहित अन्य समस्याओं की जानकारी दी। जिला कलेक्टर ने विकास अधिकारी और ग्राम विकास अधिकारी को मौके पर ही निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
 
पिपलोदी हादसे की पृष्ठभूमि
उल्लेखनीय है कि पिपलोदी गांव का हादसा देशभर में चर्चित रहा था। बारिश के दौरान सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से सात बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि करीब एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हुए थे। हादसे के बाद विद्यालय संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी।

पढ़ें- Bhilwara: सरकारी स्कूल में विदाई समारोह में बजे अश्लील गाने, शिक्षिकाएं भी छात्राओं संग झूमीं; नोटिस जारी
 
चौपाल के दौरान एक बालिका की आंखों से कम दिखाई देने की समस्या सामने आने पर जिला कलेक्टर ने तत्काल मानवीय संवेदना दिखाते हुए ग्राम विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि बालिका का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरथाना में करवाया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
 
वैकल्पिक विद्यालय का निरीक्षण
जिला कलेक्टर ने पिपलोदी गांव में वैकल्पिक स्थान पर संचालित राजकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षा, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा शिक्षकों को निर्देश दिए कि पढ़ाई में किसी भी तरह की कमी न आने दी जाए।
 
इसके बाद जिला कलक्टर ने निर्माणाधीन नए राजकीय विद्यालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित संवेदक को निर्देशित किया कि भवन का निर्माण मजबूत, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण सामग्री से किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे। इस अवसर पर मनोहरथाना उपखंड अधिकारी पी.के. मित्तल, विकास अधिकारी कैलाश मीणा, पूर्व प्रधान पृथ्वी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें