फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jalore News: सांचौर में आगजनी की सनसनीखेज घटना, युवक ने गेहूं की फसल और बोलेरो कैंपर को लगाई आग

Fri, 13 Mar 2026 09:41 AM IST
जालौर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जालौर

जालौर जिले के सांचौर क्षेत्र में आगजनी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले अपने पड़ोसी की गेहूं की फसल में आग लगा दी। इसके बाद आग बुझाने के लिए रुकी एक बोलेरो कैंपर को भी आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पड़ोसी की गेहूं की फसल में लगाई आग

जानकारी के अनुसार सांचौर उपखंड के चितलवाना क्षेत्र के खांभराई गांव में यह घटना हुई। गांव के ही युवक पदमाराम ने अपने पड़ोसी मेघाराम की इकट्ठा कर रखी गेहूं की फसल में आग लगा दी। आग लगने के बाद खेत में तेज धुआं और लपटें उठने लगीं। यह देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे।

आग बुझाने के दौरान बोलेरो कैंपर को भी किया आग के हवाले

इसी दौरान पीथाबेरी निवासी मूलाराम सुथार अपने साथियों के साथ बोलेरो कैंपर से वहां से गुजर रहे थे। बताया जा रहा है कि वे खांभराई गांव से फसल कटाई के लिए मजदूर लेने जा रहे थे। रास्ते में खेत में आग लगी देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी रोक दी और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में मदद करने लगे।
लेकिन इसी बीच आरोपी पदमाराम ने अचानक बोलेरो कैंपर में भी आग लगा दी। देखते ही देखते गाड़ी से तेज लपटें उठने लगीं और वाहन जलने लगा। घटना से वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत आरोपी पदमाराम को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सरवाणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच

सरवाणा थाना प्रभारी मोहनलाल ने बताया कि खांभराई गांव में गेहूं की फसल और बोलेरो कैंपर में आग लगाने की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने गांव के ही युवक पदमाराम को पकड़ लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बोलेरो कैंपर में सवार लोगों ने उसे गाली दी थी। इसी बात से नाराज होकर उसने गाड़ी में भी आग लगा दी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें