जिले के सायला थाना क्षेत्र में पोषणा-उनडी रोड पर हुए एक सड़क हादसे में बजरी से भरे डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार शाम करीब 6 बजे हुआ। बावतरा गांव निवासी उत्तमपुरी गोस्वामी (32), उनकी पत्नी पिंटा देवी (30), और उनके दो बच्चे हेमराज (5) व चिंटू (8) बाइक पर कोरा गांव में एक शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद डंपर चालक फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से मृतकों के शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने डंपर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाधिकारी महेंद्रसिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शवों को हटाने और डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का आरोप था कि पुलिस ने परिजनों के आने से पहले ही शवों और डंपर को मौके से हटा दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसपी ज्ञानचंद यादव, एडिशनल एसपी मोटाराम गोदारा, डीवाईएसपी गौतम जैन और तहसीलदार लक्ष्मी चौधरी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।