दौसा जिले के बांदीकुई के जोधपुरिया गांव में ढाई साल की मासूम नीरू खेलते-खेलते अचानक बोरवेल में जा गिरी। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोगों ने जिला प्रशासन और बांदीकुई नगर पालिका प्रशासन को इसकी सूचना दी। सूचना पर जिला प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए मौके पर पहुंच गया।
दौसा एडिशनल एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि बोरवेल लगभग 600 फीट गहरा है और बच्ची लगभग 20 से 25 फीट के आसपास अटका हुई है। माना जा रहा है कि नीरु अभी जीवित है और जिला प्रशासन लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
उधर ढाई साल की नीरू के परिजनों की मानें तो वे लोग शाम के वक्त बाजरा काट रहे थे और पास ही ढाई साल की नीरू भी खेल रही थी, जो खेलते-खेलते अचानक बोरवेल के नजदीक चली गई, जहां मिट्टी ढीली होने की वजह से अचानक मिट्टी धंस गई और वह बोरवेल में गिर गई। बहरहाल बच्ची को बोरवेल से निकालने के प्रयास जारी हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार बच्ची जीवित है और बचाव दल जल्द से जल्द उसे बाहर निकालने का प्रयास कर रहा है।