जिले में इन दिनों बदमाशों के हौसले बुलंदी पर हैं। कल बांदीकुई में अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग करते हुए दो लोगों को घायल कर दिया और उनकी बाइक छीनकर फरार हो गए। अब बांदीकुई पुलिस अज्ञात बदमाशों को पकड़ने के लिए हाथ-पैर मार रही है।
अज्ञात बदमाशों द्वारा रास्ते चलते की गई इस फायरिंग से शहर में दहशत फैल गई। पुलिस के डर से बैखौफ इन अज्ञात बदमाशों ने आइसक्रीम खा रहे युवकों पर गोली चला दी। मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही अज्ञात बदमाश वहां से भागने में कामयाब हो गए। गोली लगने से एक युवक गंभीर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए बांदीकुई के उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
इधर शहर के बीचोंबीच बसवा रोड अम्बेडकर सर्कल पर इन्हीं बदमाशों ने चौपहिया वाहन में सवार धांधोलिया गांव के युवक संजय कुमार सैनी से कार लूटने का किया लेकिन नाकामयाब रहे। इसके बाद आगे जाकर रास्ते चलते राहगीर के साथ मारपीट कर उसका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। फिर पंडितपुरा में बाइक सवार पर हमला करते हुए रोहिताश्व सैनी पल्लेदार के सिर पर कट्टे से वार करते हुए बाइक और पर्स छीनकर फरार हो गए। दोनों घायलों को उपजिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया है।
गोली लगने से घायल हुए युवक की गंभीर हालत देखते हुए उसे जयपुर रैफर किया गया है। दौसा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस स्टाफ से जानकारी जुटाकर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। वारदात की सूचना के बाद बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा भी घायलों के हाल जानने अस्पताल पहुंचे।