फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chittorgarh: सीपी जोशी का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- राम और विकसित भारत पर राजनीति करना दुर्भाग्यपूर्ण

Wed, 14 Jan 2026 08:08 AM IST
चित्तौड़गढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चित्तौड़गढ़

भारतीय जनता पार्टी की ओर से वीबीजी रामजी योजना और विकसित भारत संकल्प को लेकर सांसद जनसुनवाई केंद्र पर एक पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान सांसद सी.पी. जोशी ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर देश को विकसित राष्ट्र बनने से रोकने के लिए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भारत हमेशा दुनिया पर निर्भर रहा, जबकि आज देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के राष्ट्रीय विजन और वीबीजी रामजी जैसी योजनाओं से कांग्रेस को परेशानी हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों ने वर्षों तक राम मंदिर निर्माण का विरोध किया और अदालतों में हलफनामे दिए, उन्हें आज प्रभु श्रीराम के नाम और रामराज्य की अवधारणा से इतनी आपत्ति क्यों हो रही है।

2047 तक विकसित भारत प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प

सांसद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लिया गया 2047 तक विकसित भारत का संकल्प आज के भारत की जरूरतों के अनुरूप है। समय-समय पर योजनाओं में किए जा रहे सुधार उनकी उपयोगिता को और मजबूत बनाते हैं, लेकिन कांग्रेस को हर सकारात्मक पहल से तकलीफ होती है।
उन्होंने कहा कि जब लोकसभा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीबीजी रामजी योजना के नाम में सुधार और नाम परिवर्तन को लेकर प्रस्तुति दी, तब भी कांग्रेस नेताओं ने इसका विरोध किया।

गांधी नाम पर राजनीति का आरोप

सांसद सी.पी. जोशी ने सवाल उठाया कि जिन लोगों का महात्मा गांधी के आदर्शों से कोई लेना-देना नहीं रहा, वे आज ‘गांधी’ नाम का राजनीतिक इस्तेमाल क्यों कर रहे हैं। सांसद जोशी ने कहा कि गरीब, किसान, श्रमिक और समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के सशक्तिकरण के लिए अगर किसी सरकार ने ईमानदारी से काम किया है, तो वह मोदी सरकार है। स्वच्छ भारत अभियान, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, बिजली-पानी कनेक्शन, आवास योजना, रोजगार गारंटी और सम्मानजनक जीवन के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं। ये भी पढ़ें: Rajasthan: एसएमएस ट्रॉमा सेंटर में फिर संकट, ICU में पानी भरने से 14 मरीजों को किया शिफ्ट; ये रही राहत की बात

मनरेगा पर कांग्रेस को घेरा

मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सांसद जोशी ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने रोजगार गारंटी योजना का नाम कई बार बदला—कभी राष्ट्रीय रोजगार योजना, कभी नरेगा और चुनाव के समय मनरेगा। उन्होंने आंकड़ों के जरिए बताया कि यूपीए सरकार के 10 वर्षों की तुलना में मोदी सरकार के कार्यकाल में अधिक श्रम दिवस, अधिक कार्य और अधिक पारदर्शिता के साथ इस योजना का संचालन हुआ है। उन्होंने बताया कि अब 100 दिन की रोजगार गारंटी को बढ़ाकर 125 दिन किया गया है और जनजातीय क्षेत्रों में अतिरिक्त 25 रोजगार दिवस का प्रावधान भी जोड़ा गया है।

अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी मान रहीं भारत की प्रगति

सांसद जोशी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसी संस्थाएं भी मानती हैं कि भारत में करोड़ों लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। यह बदलाव एक दिन में नहीं हुआ, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योजनाबद्ध और ईमानदार सुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है, इसलिए वह हर राष्ट्रहित की योजना का विरोध कर रही है, लेकिन देश की जनता सच्चाई समझ चुकी है।

विधायक सुरेश धाकड़ बोले—श्रमिकों के हित में ऐतिहासिक फैसला

बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने कहा कि वीबीजी रामजी योजना के तहत अब 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार दिया जा रहा है, जो श्रमिकों के हित में एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि इस योजना में कांग्रेस सरकार की तुलना में अधिक पारिश्रमिक दिया जाएगा, जिससे श्रमिकों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।

किसानों और मजदूरों दोनों को मिलेगा लाभ

विधायक धाकड़ ने कहा कि योजना की 60 दिन की अवधि का भी व्यावहारिक और जनहितकारी उपयोग होना चाहिए। इसके लिए वे सांसद सी.पी. जोशी और जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी के साथ मिलकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ध्यान आकर्षित करेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों को खेती के समय पर श्रमिक उपलब्ध होंगे, वहीं मजदूरों को अतिरिक्त रोजगार और आय मिलेगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और किसान व श्रमिक—दोनों के हित सुरक्षित रहेंगे।

भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी

पत्रकार वार्ता को जिला महामंत्री एवं वीबीजी रामजी अभियान के जिला संयोजक हर्षवर्धन सिंह रूद ने भी संबोधित किया। भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री रघु शर्मा, संभाग सह मीडिया प्रभारी सुधीर जैन, जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक, जिला सह संयोजक अनिल ईनाणी, कमलेन्द्र सिंह हाड़ा, जिला सह मीडिया प्रभारी लोकेश त्रिपाठी, कृष्णपाल सिंह चुंडावत, आईटी सह संयोजक आशीष शर्मा सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें