जिले के नाल थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक ने शराब ठेके में आग लगा दी, क्योंकि तय समय पर शराब न मिलने पर वह गुस्से में था। आरोपी ने आधी रात को पेट्रोल छिड़ककर ठेके का शटर जला दिया। यह सनसनीखेज घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी तरह कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार ठेका संचालक नियमों के तहत समय पर ठेका बंद कर घर लौट गया था। थोड़ी देर बाद शराब की मांग करने पहुंचे आरोपी को जब शराब देने से मना किया तो वह भड़क गया। कुछ देर बाद गुस्से में आरोपी ने वापस आकर पेट्रोल डालकर शटर में आग लगा दी। सुबह ठेकेदार सुमित निर्वाण मौके पर पहुंचे तो पूरा मंजर देखकर हैरान रह गए। आगजनी में शटर और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया।
ये भी पढ़ें: Balotra News: युवक की मौत, परिजनों का आरोप- गलत इंजेक्शन लगाया, सांसद बेनीवाल ने परिवार संग रातभर दिया धरना
इस घटना के बाद ठेकेदार ने आरोपी सांवरा भाट पुत्र भगताराम और एक अन्य युवक के खिलाफ नाल थाने में मामला दर्ज कराया। जिस पर पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि राजस्थान में रात 8 बजे के बाद शराब बिक्री पर पाबंदी है, बावजूद इसके शराब के नशे में कई बार लोग नियम तोड़ते हैं। नाल में हुई यह आगजनी न केवल शराब की अवैध बिक्री पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।