शाहपुरा के पिवणिया तालाब के गुरुवार को ओवरफ्लो होने के बाद नहाने गये युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक का शव पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शाहपुरा के गोताखोरों की मदद से निकाला। इस दौरान नगर परिषद सभापति रघुनंदन सोनी की अगुवाई में परिषद के कार्मिकों ने भी भरसक प्रयास किया। भीलवाड़ा से एसडीआरएफ की टीम को भी बुलवाया गया। युवक की पहचान मुकेश उर्फ भाया पुत्र भैरू गुर्जर निवासी तहनाल गेट के रूप में की गई है।
नगर परिषद सभापति रघुनंदन सोनी ने बताया कि आज सुबह से चल रही बारिश के दौरान तालाब का निरीक्षण करने के दौरान ही लाल घाट पर नहाने गये युवक के डूबने की सूचना पर परिषद के कार्मिकों को लेकर मौके पर पहुंचे और पुलिस के सहयोग से रेस्क्यू शुरू किया गया। जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत के निर्देश पर आयुक्त रामकिशोर, पुलिस उपाधीक्षक रमेश तिवाड़ी भी मय जाब्ते के पहुंचे। इस दौरान तालाब पर जमा भीड़ को पुलिस ने व्यवस्थित करा कर स्थानीय गोताखोरों चांद मोहम्मद रंगरेज, कादर खान देशवाली, मुबारक रंगरेज, कमरू रंगरेज, मोहम्मद अली, मुस्तकीम रंगरेज को तालाब में नाव के साथ उतारा गया। डूबे युवक की तलाश शुरू की गई। शाहपुरा के कुछ युवा भी अपने स्तर पर तलाश कार्य में सहयोग में जुटे रहे। करीब पांच घंटों की मशक्त के बाद स्थानीय चांद मोहम्मद रंगरेज कादर खान देशवाली मुबारक रंगरेज कमरू रंगरेज मोहम्मद अली मुस्तकीम रंगरेज की टीम ने सर्च अभियान के दौरान युवक के शव को ढूंढ कर बाहर निकाला। इस बीच भीलवाड़ा से एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। टीम भी शाहपुरा एसडीएम निरमा विश्नोई के निर्देश पर तालाब में उतरी थी।
पुलिस उपाधीक्षक रमेश तिवाड़ी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से युवक का शव निकलवा लिया गया है। जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। युवक की मौत के समाचार से तहनाल गेट की गुर्जर बस्ती में शोक की लहर फैल गई है।