फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhilwara: सर्विस रिवॉल्वर अनलोड करते समय गलती से चली गोली ने ली जान, भीलवाड़ा में ASI की घर पर हुई दर्दनाक मौत

Fri, 06 Mar 2026 03:33 PM IST
भीलवाड़ा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भीलवाड़ा

भीलवाड़ा में शुक्रवार सुबह एक बेहद दुखद हादसे में पुलिस विभाग के एएसआई महावीर सिंह की सर्विस रिवॉल्वर से चली गोली लगने से मौत हो गई। हाल ही में पदोन्नति पाकर एएसआई बने महावीर सिंह अपने घर पर सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड करते समय हुए हादसे में अपनी जान गंवा बैठे। इस घटना ने पूरे पुलिस महकमे और उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। महावीर सिंह के पिता भी राजस्थान पुलिस में सब-इंस्पेक्टर के पद पर रह चुके हैं।

कारतूस निकालने के दौरान हुआ हादसा
कोतवाली थाने में तैनात एएसआई महावीर सिंह रात की ड्यूटी समाप्त करने के बाद शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अपने घर पहुंचे थे। घर पहुंचकर उन्होंने वर्दी बदली और अपनी सर्विस रिवॉल्वर को सुरक्षित रखने के लिए उसमें से कारतूस निकालने लगे। इसी दौरान अचानक रिवॉल्वर से गोली चल गई और गोली सीधे उनके सिर में जा लगी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के समय उनकी पत्नी भी घर में ही मौजूद थीं और वे उनके लिए चाय लेकर कमरे में आई थीं। जैसे ही गोली चलने की आवाज आई, घर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

साक्ष्य जुटाने के लिए पहुंची एफएसएल और एमओबी टीम 
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारसमल जैन सहित अन्य अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और एमओबी टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। मृतक एएसआई महावीर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

परिजनों ने क्या बताया?
महावीर सिंह के चचेरे भाई तेज प्रताप सिंह ने बताया कि महावीर सिंह बेहद बहादुर और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी थे। वे मेरे बड़े भाई जैसे थे। रात को वे ड्यूटी पर थे और सुबह करीब आठ बजे पुलिस ग्रुप में मैसेज भी किया था। इसके बाद वे घर पहुंचे और कपड़े बदलने के बाद अपनी सर्विस रिवॉल्वर को अनलोड करने लगे। उन्होंने तीन कारतूस निकालकर बैग में रख दिए थे, लेकिन चौथा कारतूस निकालते समय अचानक फायर हो गया और दुर्भाग्य से गोली सीधे उनके सिर में जा लगी। परिजनों के अनुसार महावीर सिंह हमेशा सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहते थे और वे कह रहे थे कि घर में लोडेड गन रखना ठीक नहीं है, इसलिए कारतूस निकाल रहे थे।

ये भी पढ़ें: डिवाइडर से टकराकर पलटी स्लीपर बस, चालक की मौत; बीस से अधिक यात्री घायल

पुलिस ने क्या बताया? 
सीओ सिटी सज्जन सिंह ने बताया कि सुबह सूचना मिली थी कि थाना कोतवाली में तैनात एएसआई महावीर सिंह ड्यूटी से घर लौटने के बाद अपने घर पर मृत पाए गए। सूचना मिलते ही एफएसएल टीम, एमओबी टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना प्रतीत हो रहा है, हालांकि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है और सहकर्मियों में गहरा दुख व्याप्त है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें