बुधवार को लूणी नदी में डूबी बोलेरो के लापता तीन लोगों की तलाश में सर्च ऑपरेशन आज भी जारी रहा। बोलेरो गाड़ी डूबने से लापता तीन लोगों की तलाश में आज एक बार फिर से लूणी नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है। दरअसल बुधवार को दोपहर के समय बालोतरा में जसोल की तरफ जा रही एक बोलेरो गाड़ी रपट पर करते समय नदी में बह गई।
इस हादसे के बाद प्रशासन तुरंत हरकत में आया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से बोलोरो गाड़ी के साथ पांच लोगों को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल लोगों को तुरंत बालोतरा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां पर एक महिला और उसकी दो बेटियों को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी दो लोगों का उपचार चल रहा है। वहीं गाड़ी में सवार तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिन्हें लेकर बुधवार देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद खराब मौसम और अंधेरा होने के चलते रेस्क्यू को रोकना पड़ा।
ये भी पढ़ें: Balotra News: लूणी नदी के तेज बहाव में समाई बोलेरो, मां और दो बेटियों की मौत, तीन लोग अब भी लापता
आज एक बार फिर से बालोतरा लूणी नदी में लापता तीन लोगों की तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है, जिसमें दो एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस स्थानीय गोताखोर नदी में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं लेकिन अब तक टीम को सफलता नहीं मिली है। ड्रोन कैमरों के जरिए भी लापता लोगो को ढूंढा जा रहा है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद है। नदी में लापता 3 लोगों में एक मासूम बच्चा उसकी दादी और एक अन्य युवक शामिल है, जिनका अभी कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
उल्लेखनीय की बुधवार को जोधपुर जिले के शेरगढ़ क्षेत्र से एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आठ लोग जसोल दर्शन के लिए जा रहे थे। इस दौरान बालोतरा में लूणी नदी की रपट पर करते समय गाड़ी पानी में बह गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो का अस्पताल में उपचार चल रहा है और तीन लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।