जिले के टहला थाना क्षेत्र के गोलाकाबास गांव में बुधवार रात घर की छत पर सो रही सास-बहू के कमरे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। चोरी की यह वारदात देर रात 12 बजे के बाद अंजाम दी गई।
पीड़ित महिला ने बताया कि बुधवार को चौथ का व्रत था। व्रत खोलने के बाद रात्रि करीब 12 बजे दोनों सास-बहू सो गईं। उस दिन घर में अन्य कोई सदस्य मौजूद नहीं था। गुरुवार सुबह जब वे उठीं तो देखा कि घर का मुख्य गेट खुला पड़ा था और कमरे के ताले टूटे हुए थे। कमरे के अंदर अलमारी से कपड़े बिखरे पड़े थे और लगभग 46 ग्राम सोने के जेवर, डेढ़ किलो चांदी तथा 39,000 रुपये नकद चोरी हो चुके थे।
पीड़ित परिवार के सदस्य मोनू पांचाल ने टहला थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें चोरी गए सामान का पूरा विवरण दिया गया है। ग्रामवासियों और पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस गश्त में लापरवाही बरत रही है, जिसके चलते इलाके में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। यहां तक कि नामजद रिपोर्ट देने के बाद भी पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में नियमित गश्त की जाए और इन चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए कठोर कदम उठाए जाएं।