रामनवमी पर राम मंदिर में टीकाराम जूली की मौजूदगी को लेकर विवादित बयान देने वाले बीजेपी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के विरोध में मंगलवार को अंबेडकर सर्किल पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और दलित समाज के लोग एकत्रित हुए और आहूजा का पुतला बनाकर दहन किया।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक आहूजा ने रामनवमी के अवसर पर शालीमार स्थित राम मंदिर में कांग्रेस नेता टीकाराम जूली की मौजूदगी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए कहा था कि कांग्रेसियों के मंदिर आने से मंदिर अपवित्र हो गया है और इसके बाद उन्होंने मंदिर में जाकर गंगाजल से शुद्धिकरण करने की बात भी कही थी। आहूजा के इस बयान की चौतरफा आलोचना हो रही है।
आहूजा के इस बयान के बाद अंबेडकर सर्किल पर विरोध जताने पहुंचे अलवर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष योगेश मिश्रा ने कहा कि ज्ञानदेव आहूजा का बयान सिर्फ दलितों के खिलाफ नहीं बल्कि पूरे समाज और संविधान के खिलाफ है। बीजेपी नेताओं ने उन्हें उकसाया है, वे समाज में दलित और सवर्णों के बीच नफरत फैलाना चाहते हैं। अब हम दलित समाज को मंदिर लेकर जाएंगे और रामधुन करेंगे, देखते हैं कौन रोकता है।
इधर बढ़ते विवाद और पार्टी की किरकिरी के बाद भाजपा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी की ओर से मंगलवार को निलंबन आदेश जारी कर दिए गए हैं।