फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Alwar News: जमीन के टुकड़े को लेकर चले लाठी-डंडे, खूनी संघर्ष में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर घायल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर Updated Mon, 05 Jan 2026 11:19 PM IST

जिले के अरावली विहार थाना क्षेत्र के सामोला गांव में 66 वर्ग गज के प्लॉट को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस झगड़े में एक ही परिवार के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अलवर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। विवाद रविवार दोपहर शुरू हुआ, जो सोमवार सुबह एक बार फिर हिंसक रूप ले बैठा।

घायल मौसमदीन ने बताया कि करीब दो साल पहले उन्होंने अपने पड़ोसी जोमदीन से गांव की कच्ची बस्ती में 66 वर्ग गज का एक प्लॉट 5 लाख रुपये में खरीदा था। प्लॉट के कोई पक्के कागजात नहीं थे, सिर्फ कच्चे कागज पर लिखा-पढ़ी की गई थी। आरोप है कि अब जोमदीन उस प्लॉट को जबरन वापस लेना चाहता है और पैसे लौटाने से भी इंकार कर रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से कहासुनी चल रही थी।

रविवार दोपहर मौसमदीन की पत्नी इमराना जब चारा डालने गई, तो वहां जोमदीन के परिजनों ने उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई शाकिर के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद अरावली विहार थाने में शिकायत दी गई लेकिन पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार शाम को भी दोनों पक्षों में गाली-गलौज हुई थी।

ये भी पढ़ें: Rajasthan News: राजस्थान में पंचायत परिसीमन को सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी, चुनाव 15 अप्रैल 2026 तक

सोमवार सुबह करीब 7 बजे जब परिवार के लोग घर के बाहर अलाव सेंक रहे थे, तभी जोमदीन (45), इब्रा (55), कुर्सेद (35), खुशी (40), वारिस (22), रिहान (21) और चार अन्य महिलाओं ने लाठी-डंडों व पत्थरों से उन पर हमला कर दिया। हमले में मौसमदीन (45) के सिर में गंभीर चोट आई। शाहाबदीन (25) के हाथ में, इमराना (24) के सिर व हाथ में, मेमुना के चेहरे पर और 15 वर्षीय भांजे को भी चोटें आई हैं।

पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों के साथ पत्थरों से हमला किया और फायरिंग भी की। घटना के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें