फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ajmer News: हिस्ट्रीशीटर का आतंक, आधी रात बुजुर्ग दंपती के घर बदमाशों का हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Wed, 17 Jun 2026 06:52 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

शहर के रामगंज थाना क्षेत्र के जवाहर की नाड़ी इलाके में मंगलवार देर रात हिस्ट्रीशीटर और उसके साथ आए 30 से अधिक बदमाशों ने एक परिवार पर हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। हथियारों से लैस बदमाशों ने आधी रात को घर में घुसकर सो रहे बुजुर्ग दंपती के साथ बेरहमी से मारपीट की, घर में जमकर तोड़फोड़ की और बाहर खड़े वाहनों को भी निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मंगलसूत्र और नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। उस समय घर में बुजुर्ग दंपती मौजूद थे, जबकि उनके बेटे किसी काम से बाहर गए हुए थे। पीड़ित परिवार के अनुसार अचानक घर के बाहर जोरदार धमाकों और शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक बड़ी संख्या में बदमाश घर में घुस आए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों के हाथों में डंडे, सरिए, पत्थर और हथियार थे। आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर दीपक खटाना पिस्टल लेकर आया था और लगातार परिवार को धमका रहा था। बदमाश घर में घुसते ही दोनों बेटों के बारे में पूछताछ करने लगे और उनके नहीं मिलने पर बुजुर्ग दंपती पर हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें: Sikar News: 6 दिन बाद भी नहीं मिला मासूम भावेश, जंगल, खाई, गुफाएं सब खंगाल डालीं, मेगा सर्च ऑपरेशन जारी

हमलावरों ने घर के कमरों में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया और बाहर खड़ी कार, स्कूटी तथा बाइक में भी जमकर तोड़फोड़ की। इलाके में चीख-पुकार और हंगामे के बीच बदमाश काफी देर तक उत्पात मचाते रहे। जाते-जाते आरोपी महिला का मंगलसूत्र और करीब 5 हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए। हमले में घायल हुए बुजुर्ग दंपती को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया।

पीड़ित परिवार के बेटे दीपक ने बताया कि करीब तीन साल पहले चंद्रवरदाई क्षेत्र में हुई फायरिंग की एक घटना में वह गवाह है। उसका आरोप है कि उसी मामले में गवाही देने के कारण आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखता है। पहले भी परिवार की गाड़ी में तोड़फोड़ की जा चुकी थी और लगातार धमकियां मिल रही थीं। दीपक का कहना है कि यदि वह और उसका भाई उस समय घर पर मौजूद होते तो बदमाश उनके साथ भी गंभीर वारदात कर सकते थे। परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

घटना की पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर रामगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बुधवार सुबह घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता लाली देवी गुर्जर की शिकायत पर करीब 8 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है। इस सनसनीखेज घटना ने एक बार फिर शहर में सक्रिय असामाजिक तत्वों और हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने में जुटी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें